बिहार का प्राचीन इतिहास | Ancient History of Bihar in Hindi

बिहार का प्राचीन इतिहास

बिहार का इतिहास सिर्फ एक राज्य की कहानी नहीं, बल्कि भारत के स्वर्णिम अतीत और मानव सभ्यता के विकास का एक जीवंत सफरनामा है। प्रागैतिहासिक पाषाण युग से लेकर महाजनपद काल के वैभवशाली साम्राज्य, मगध के उत्थान और बौद्ध व जैन धर्म की पावन वैचारिक क्रांति तक, इस भूमि ने इतिहास के हर एक स्वर्णिम अध्याय को गढ़ा है। इस विस्तृत लेख में आपको बिहार के प्राचीन इतिहास, विभिन्न पुरातात्विक कालों (पाषाण, ताम्र और लौह युग), सोलह महाजनपदों में बिहार की भूमिका, तथा हर्यक, शिशुनाग और नंद वंश के संपूर्ण सफर की प्रामाणिक और रोचक जानकारी पढ़ने को मिलेगी।
Ancient History of Bihar in Hindi
प्रागैतिहासिक कालीन बिहार (कालक्रम)
पुरापाषाण काल (Paleolithic Age) दक्षिणी बिहार (मुंगेर, गया, नालंदा, भागलपुर आदि) से पत्थर के औजार और चट्टानी आवास के साक्ष्य मिले हैं।
⬇
मध्यपाषाण काल (Mesolithic Age) मुंगेर जिले से छोटे आकार के पत्थर से निर्मित तेजधार वाले और नुकीले औजार प्राप्त हुए हैं।
⬇
नवपाषाण काल (Neolithic Age) चिराँद (सारण), मनेर (पटना), चेचर (वैशाली) आदि से सूक्ष्म औजार व हड्डी निर्मित उपकरण मिले हैं। (चिरांद देश भर में प्रसिद्ध है)।
⬇
ताम्रपाषाण काल (Chalcolithic Age) चिराँद, मनेर, सोनपुर, सेनुआर आदि से 1000-900 ई.पू. के काले एवं लाल मृद्भांड प्राप्त हुए हैं।
⬇
लौह युग (Iron Age) लोहे के हथियार व कृषि उपकरण बने। उत्तरी क्षेत्र में मानव बस्तियाँ बसीं और नगरीय सभ्यता का विकास हुआ।
बिहार के प्रमुख महाजनपद (छठी शताब्दी ई.पू.)
1. अंग महाजनपद
  • राजधानी: चंपा (वर्तमान भागलपुर के समीप)
  • महात्मा बुद्ध के समय छठवां सबसे बड़ा महानगर।
2. वज्जि महाजनपद
  • राजधानी: वैशाली
  • 8 राज्यों का संघ (लिच्छवि, विदेह, ज्ञातृक आदि)।
  • वैशाली का लिच्छवि गणराज्य विश्व का प्रथम गणतंत्र (500 ई.पू.)।
3. मगध महाजनपद
  • राजधानी: राजगृह / गिरिव्रज ➔ पाटलिपुत्र
  • उत्तर भारत का सर्वाधिक शक्तिशाली महाजनपद।
मगध के प्राचीन राजवंश एवं शासक
वंश का नाम प्रमुख शासक विशेष विवरण
बृहद्रथ वंश बृहद्रथ, जरासंध, सहदेव, रिपुंजय महाभारत काल से संबंधित। जरासंध ने कई साम्राज्यों को पराजित किया था। अंतिम शासक रिपुंजय की हत्या उसके मंत्री ने की।
हर्यक वंश
(पितृहंता वंश)
बिम्बिसार, अजातशत्रु, उदायिन, नागदशक बिम्बिसार ने वास्तविक नींव रखी। अजातशत्रु ने वैशाली युद्ध में महाशिलाकण्टक व रथमूसल अस्त्र चलाए। उदायिन ने पाटलिपुत्र बसाया।
शिशुनाग वंश शिशुनाग, कालाशोक शिशुनाग ने वैशाली को अपनी वास्तविक राजधानी बनाया। कालाशोक के समय द्वितीय बौद्ध संगीति (वैशाली) हुई।
नंद वंश महापद्मनंद, धनानंद महापद्मनंद को 'सर्व-क्षत्रांतक' व 'एकराट' कहा गया। धनानंद अंतिम शासक था, जिसके समय सिकंदर ने आक्रमण किया और चंद्रगुप्त मौर्य ने चाणक्य की सहायता से अंत किया।
छठी शताब्दी ई.पू. में नवीन धर्मों (बौद्ध एवं जैन) की उत्पत्ति के कारण
वैदिककालीन धार्मिक जटिलता

उत्तर-वैदिक काल में धर्म का स्थान जटिल एवं निरर्थक कर्मकांडों ने ले लिया था।

वर्ण व्यवस्था का कठोर होना

व्यवसाय आधारित वर्ण व्यवस्था जन्म आधारित कठोर जाति व्यवस्था में बदल गई थी।

संस्कृत भाषा का प्रयोग

वैदिक ग्रंथ केवल विद्वानों की भाषा संस्कृत में थे, जो जनसामान्य की पहुँच से बाहर थे।

कृषि एवं वैश्य वर्ग का उत्थान

लोहे की खोज से कृषि और व्यापार बढ़ा, जिससे वैश्य वर्ग ने ब्राह्मणवादी व्यवस्था का विरोध किया।


प्रागैतिहासिक कालीन बिहार (Prehistoric Bihar)

बिहार के विभिन्न क्षेत्रों से प्राप्त पुरातात्विक अवशेषों से स्पष्ट है कि इस क्षेत्र में मानवीय जीवन का इतिहास 1 लाख वर्ष ई. पू. से भी अधिक प्राचीन है। बिहार के मुंगेर, सारण, वैशाली, गया, पटना, नालंदा आदि से उपलब्ध हुए पाषाण औजारों तथा उपकरणों का संबंध पुरापाषाणकालीन संस्कृति से लेकर नवपाषाणकालीन संस्कृति तक से है। बिहार के ऐतिहासिक परिचय को निम्नलिखित शीर्षकों के अंतर्गत दिये गए तथ्यों के आधार पर प्राप्त किया जा सकता है-

पुरापाषाण काल (Paleolithic Age)

  • बिहार में पुरापाषाणकालीन प्रमुख पुरातात्विक अवशेष बिहार के दक्षिणी क्षेत्र से प्राप्त हुए हैं।
  • यहां से पत्थर की कुल्हाड़ी, चाकू, खुरचनी, उत्कीर्णक (खुरपी) आदि प्राप्त हुए हैं।
  • ये पुरातात्विक अवशेष मुंगेर के भीम बांध व पैसरा, भागलपुर के राजपोखर व मालीजोर, पश्चिमी चम्पारण के वाल्मीकि नगर, गया की जेठियन व पेमार घाटी, तथा नालंदा जिले से प्राप्त हुए हैं।
  • इसके अलावा प्रागैतिहासिक मानव के चट्टानी आवास के दो साक्ष्य गया जिले की शेरघाटी में भी मिले हैं।
Palaeolithic-tools
Upper Paleolithic Tool

मध्यपाषाण काल (Mesolithic Age)

मध्य पाषाणकालीन साक्ष्यों में बिहार के मुंगेर जिले से छोटे आकार के पत्थर से निर्मित तेजधार वाले हथियार तथा नुकीले सिरे वाले औजार प्राप्त हुए हैं।

नवपाषाण काल (Neolithic Age)

नव पाषाणकालीन साक्ष्यों में बिहार के चिराँद (सारण), मनेर (पटना), चेचर व श्वेतपुर (वैशाली), ताराडीह (गया) तथा सेनुआर (रोहतास) से पत्थर के सूक्ष्म औजारों के अतिरिक्त हड्डी निर्मित उपकरण भी प्राप्त हुए हैं।
बिहार का चिरांद हड्डी से निर्मित पुरातात्विक उपकरणों के लिये पूरे देश में प्रसिद्ध है।
Neolithic Weapons and Tools Chart

ताम्रपाषाण काल (Chalcolithic Age)

बिहार में ताम्रपाषाणकालीन साक्ष्य भी चिराँद (सारण), मनेर (पटना), चेचर (वैशाली), सोनपुर (सारण), सेनुआर (रोहतास), राजगीर (नालंदा) तथा ओरियम (भागलपुर) से प्राप्त हुए हैं।
ताम्रपाषाणकालीन साक्ष्य के रूप में 1000 ई.पू. से 900 ई.पू. तक के काले एवं लाल मृद्भांड प्राप्त हुए हैं।

लौह युग (Iron Age)

  • लौह युग नाम से ही स्पष्ट है कि इस काल में लोहे का प्रयोग हथियार बनाने तथा कृषि उपकरण बनाने के लिए किया जाने लगा था।
  • इस समय बिहार के उत्तरी क्षेत्र में मानव बस्तियों के बसने के संकेत भी मिलते हैं।
  • लौह युग के दूसरे चरण में बिहार के बक्सर व चिराँद से काले चमकीले मृद्भांड प्राप्त हुए हैं, जिस कारण इस समय को सामान्यतः उत्तरी काले चमकीले मृद्भांड काल के नाम से जाना जाता है।
  • इसी समय यहाँ नगरीय या शहरी सभ्यता का भी विकास देखा गया था।

ऐतिहासिक कालीन बिहार

बिहार के भौगोलिक क्षेत्रों में निवास करने वाले मनुष्यों ने पुरापाषाण काल, मध्यपाषाण काल, नवपाषाण काल, कांस्य युग और लौह युग तक का सफर करते हुए ऐतिहासिक युग, 1000 ई.पू. से 600 ई.पू., में प्रवेश किया था।
ऐतिहासिक कालीन बिहार के अध्ययन में मगध, अंग, वैशाली तथा मिथिला जैसे विशाल साम्राज्यों का विशेष स्थान है, इन्ही राज्यों की संस्कृति व शासन व्यवस्था के कारण बिहार का भारतीय इतिहास में महत्त्वपूर्ण स्थान है।
बिहार में इसी काल में जैन धर्म तथा बौद्ध धर्म का उदय हुआ था। तत्कालीन समय में जैन धर्म का प्रभाव अधिक था।
पुराणों में प्राचीन बिहार के 16 सम्प्रभु शासकों का वर्णन है। बिहार के प्राचीन शासक तितिक्षु सौद्युम्न, नभगोदिष्टा, इक्ष्वाकु, नीमी, मिथि आदि के आख्यान हमे प्राचीन ग्रंथों में प्राप्त होते हैं।

महाजनपद काल

आर्य जाति के कबीलों के विलीनीकरण होने से जनपदों का विस्तार हुआ और ये जनपद, महाजनपद में परिवर्तित हो गए। यही कारण है कि भारत के राजनीतिक इतिहास का प्रारंभ छठी शताब्दी ई.पू. से माना जाता है।
भारतीय इतिहास में 600 ई. पू. के कालखंड को महाजनपद काल के नाम से जाना जाता है। इस समय भारत में मुख्य रूप से 16 महाजनपद थे। इनका उल्लेख बौद्ध ग्रंथ अंगुत्तर निकाय तथा जैन ग्रंथ भगवती सूत्र में मिलता है। महात्मा बुद्ध के समय तक ये महाजनपद पूर्णरूप से विकसित हो चुके थे।

वज्जि अंग मगध बिहार के महाजनपद

इन 16 महाजनपदों में से 3 महाजनपद अंग, मगध तथा वज्जि बिहार से संबंधित थे।

महाजनपद राजधानी
1. अंग चम्पा
2. मगध गिरव्रिज
(राजगृह)
3. काशी वाराणसी
4. कौशल श्रावस्ती
5. वज्जि वैशाली
6. मल्ल कुशीनगर
7. चेदि शुक्तिमती
8. वत्स कौशाम्बी
9. कुरु इन्द्रप्रस्थ
10. पांचाल
    उत्तर पांचाल
    दक्षिण पांचाल

अहिच्छत्र
कापिल्य
11. मत्स्य विराट नगर
12. शूरसेन मथुरा
13. अश्मक पोतन
14. अवन्ति
    उत्तरी अवन्ति
    दक्षिणी अवन्ति

उज्जयिनी
महिष्मती
15. गान्धार तक्षशिला
16. कम्बोज हाटक

अंग

  • इस महाजनपद की राजधानी चंपा थी। ह्वेनसांग ने इस स्थान को चेन्नपो कहा है। यह स्थान भागलपुर के समीप स्थित है।
  • महात्मा बुद्ध के जीवनकाल के समय चंपा की गणना भारत के छठवें महानगर के रूप में की जाती थी।
  • चंपा के अतिरिक्त अन्य पाँच महानगरों- राजगृह, श्रावस्ती, साकेत, कौशांबी तथा बनारस के नाम 'महापरिनिर्वाणसुत' में दिये गए हैं।

नालंदा विश्वविद्यालय, विश्व के प्राचीनतम विश्वविद्यालयों में से एक है। इसकी स्थापना गुप्त वंश के शासक कुमारगुप्त प्रथम ने की थी। विश्व का सबसे प्राचीन वैभवशाली महानगर पाटलिपुत्र (221) है।

वज्जि

इसकी राजधानी वैशाली थी। बुद्ध के समय में यह शक्तिशाली संघ था।
यह आठ राज्यों का एक संघ था। इसमें वज्जि, वैशाली के लिच्छवि, मिथिला के विदेह तथा कुंडग्राम के ज्ञातृक आदि थे।
वैशाली का लिच्छवि गणराज्य विश्व का प्रथम गणतंत्र माना जाता है। इसका गठन 500 ई.पू. में हुआ था।

मगध

  • यह उत्तर भारत का सर्वाधिक शक्तिशाली महाजनपद था।
  • इसकी राजधानी राजगृह या गिरिव्रज थी, जिसे कुछ समय पश्चात पाटलिपुत्र स्थानांतरित कर दिया गया था।

बृहद्रथ वंश

प्राचीन ग्रंथों में मगध साम्राज्य में चेदिराज वसु नामक शासक के शासनकाल की जानकारी मिलती है।

राजा बृहद्रथ

राजा बृहद्रथ मगध राजवंश का प्रतापी शासक था। यह जानकारी हमें महाभारत तथा अन्य पुराणों से प्राप्त होती है।

जरासंध

  • यह मगध का सबसे प्रतापी शासक था। विश्व के सबसे बड़े महाकाव्य महाभारत के अनुसार जरासंध बृहद्रथ का पुत्र था। इन धर्म ग्रंथों में जरासंध को बृहद्रथ वंश का नौवां शासक बताया गया है।
  • महाभारत के सभापर्व और भागवत में जरासंध वध की कथा वर्णित है। किंवदंती है कि इसके वध के पश्चात मगध साम्राज्य प्रभावहीन हो गया था।
  • इसने विदेह, अंग, बंग, कलिंग, काशी, कौशल, चेदी, पाण्डय, सौबिर, मद्र, कांधार आदि साम्राज्यों के शासकों को पराजित किया था।

सहदेव

  • यह जरासंध के वध के पश्चात मगध का शासक बना।
  • सहदेव के पश्चात इस वंश के पतन तक मगध पर 32 शासकों के शासन करने की जानकारी मिलती है। बृहद्रथ वंश का अंतिम शासक था।
  • रिपुंजय की हत्या करके इसके मंत्री पुलिक ने अपने नाबालिग पुत्र को मगध का शासक घोषित कर दिया था। इससे नाराज होकर इसके भट्टिय नामक सामंत ने मंत्री पुलिक के उस नाबालिग पुत्र की हत्या कर दी और स्वयं को मगध का सम्राट घोषित कर दिया।

हर्यक वंश/पितृहंता वंश (544 ई.पू. से 412 ई.पू.)

बिम्बिसार/श्रेणिक (544 ई.पू. से 492 ई.पू.)

  • यह सामंत भट्टिय का पुत्र था। इसने मगध में हर्यक वंश की स्थापना की थी। इसी के समय मगध साम्राज्य का उत्कर्ष हुआ। इसी कारण से इसे मगध का वास्तविक संस्थापक माना जाता है।
  • सिंहली (श्रीलंका) के बौद्धग्रंथ महावंश के अनुसार यह 15 वर्ष की अल्पायु में मगध का शासक बना तथा इसने 544 ई.पू. से 492 ई.पू. तक शासन किया था।
  • इसकी प्रारंभिक राजधानी गिरिव्रज थी, जिसे इसने राजगृह में स्थानांतरित कर दिया था।
  • यह 80 हजार गांवों या जनपद का अधिपति था। इसके समय गाँव के समूह से मिलकर बनी इकाई को ‘आपण’ कहा जाता था।
  • इसने अपना साम्राज्य विस्तार करने के लिए वैवाहिक संबंध स्थापित किए थे, जिससे इसे बड़ी राजनीतिक प्रतिष्ठा प्राप्त हुई और इसने मगध का विस्तार पश्चिम और उत्तर की ओर किया था–
  • इसने पहला विवाह कौशल नरेश प्रसेनजित की बहन महाकोशला से किया, जिससे इसे दहेज के रूप में एक लाख की आमदनी वाला क्षेत्र काशी प्राप्त हुआ था। महाकोशला से ही बिम्बिसार का पुत्र कुणिक (अजातशत्रु) हुआ था।
  • इसने दूसरा विवाह वैशाली के लिच्छवी राजा चेटक की पुत्री चेलना (छेलना) से किया था, जो वर्धमान महावीर के मामा की पुत्री थी। चेलना से ही बिम्बिसार पुत्र हल्ल और बेहल्ल हुए थे। महाकोशला से ही बिम्बिसार का पुत्र कुणिक (अजातशत्रु) हुआ था। इसने तीसरा विवाह पंजाब के मद्रकुल (मध्य पंजाब) की राजकुमारी क्षेमा से किया था।
  • यह आरंभ में जैन धर्मावलंबी तथा महावीर की अहिंसा-नीति का पालक था। क्योंकि इसने प्रारंभ में जीव हत्या तथा हर तरह की बलि प्रथा को निषेध कर दिया था।
  • इसकी शासन-व्यवस्था के समय महापात्र, सेनापति, व्यहारिक आदि पदाधिकारियों का उल्लेख जैन व बौद्ध ग्रंथों में मिलता है। चीनी यात्री ह्वेनसांग ने बिम्बिसार मार्ग, 'बिम्बिसार पुल' का उल्लेख किया है।
  • इसके समय कृषि/भूमि कर कुल उपज का 1/6 भाग था।
  • यह प्रथम भारतीय शासक था, जिसने स्थायी सेना बनाई व हाथियों का प्रयोग युद्ध के दौरान किया था।
  • इसने अवन्ति नरेश चंडप्रद्योत के साथ मित्रात्मक संबंध स्थापित किए तथा अपने राजवैद्य जीवक को उनके उपचार के लिए भेजा था।
  • विधुर पंडित जातक, महावग्ग तथा सोणदण्ड सुत्त के अनुसार बिम्बिसार ने अंग पर विजय प्राप्त कर, अपने पुत्र अजातशत्रु को वहाँ का शासक नियुक्त किया था।
  • इसी के शासनकाल के समय गौतम बुद्ध ने गया में निरंजना नदी के किनारे पीपल के वृक्ष के नीचे ज्ञान प्राप्त किया था।

अजातशत्रु/कुणिक ( 492-460 ई.पू. )

  • यह बिम्बिसार का ज्येष्ठ पुत्र था, इसने अपने पिता की हत्या करके मगध की गद्दी संभाली थी।
  • बिम्बिसार की मृत्यु के पश्चात महाकोशला देवी पति शोक से दिवंगत हो गई। तब कौशल नरेश प्रसेनजीत ने बिम्बिसार को दिए गए काशी जनपद पर पुनः अधिकार कर लिया था। इस कारण कौशल और मगध के बीच युद्ध हुआ और प्रसेनजीत की पराजय हुई और कुछ समय पश्चात दोनों के मध्य संधि हो गई।
  • कौशल नरेश प्रसेनजीत ने अपनी पुत्री वजिरा का विवाह अजातशत्रु के साथ कर दिया था।
  • इसका वैशाली के लिच्छवियों के साथ लगभग 16 वर्षों तक युद्ध हुआ, जिसमें अजातशत्रु ने सर्वप्रथम महाशिलाकण्टक तथा रथमूसल अस्त्रों का प्रयोग किया था। इस युद्ध में वैशाली नरेश चेटक की पराजय हुई थी। इस युद्ध की विजय में इसके कूटनीतिज्ञ वस्सका और सुनिध का महत्त्वपूर्ण योगदान था।
  • इसकी विस्तार नीति से भयभीत होकर चेटक ने लिच्छवियों, मल्लों, काशी और कौशल के 18 गणराज्यों को एकत्र किया और अजातशत्रु के विरुद्ध पुनः युद्ध किया, इसमें अजातशत्रु ने सभी को पराजित किया।
  • मल्लों को पराजित करने से पूर्वी उत्तर प्रदेश का एक बड़ा क्षेत्र मगध को प्राप्त हुआ था।
  • किंवदंती के अनुसार अवन्ति के शासक चण्डप्रद्योत के भय से इसने राजगृह का दुर्गीकरण करवाया था।
  • इसने अपनी कन्या पदमावती का विवाह उदयन के साथ किया था, जो मगध एवं अवन्ति के बीच संधिकर्ता था।
  • अजातशत्रु आरंभ में जैन था परंतु गौतम बुद्ध के उपदेशों से प्रभावित होकर बौद्ध धर्म का अनुयायी बन गया था।
  • इसके शासनकाल के आठवें वर्ष (483 ई.पू.) में गौतम बुद्ध को महापरिनिर्वाण प्राप्त हुआ था।
  • इसके शासनकाल के समय प्रथम बौद्ध संगीति (483 ई.पू.) में राजगृह की सप्तपर्णी गुफा में हुई थी, इस बौद्ध संगीति की अध्यक्षता महाकश्यप ने की थी। इसी समय बुद्ध की शिक्षाओं को सुत्तपिटक एवं विनयपिटक के रूप में दो भागों में विभाजित किया गया था।
  • पुराणों के अनुसार अजातशत्रु ने 28 वर्ष तथा बौद्ध ग्रंथों के अनुसार 32 वर्ष तक मगध में शासन किया।
  • बौद्ध ग्रंथों के अनुसार अजातशत्रु की हत्या उसके पुत्र उदायिन ने की थी।

उदायिन या उदयभद्र (460-444 ई.पू.)

  • बौद्ध ग्रंथ दीघनिकाय के अनुसार अजातशत्रु के पश्चात यह मगध का शासक बना था।
  • इसने गंगा व सोन नदी के मध्य पाटलिपुत्र (कुसुमपुर) नामक नगर बसाया था, जिस कारण इसे ख्याति प्राप्त हुई।
  • इसने अपने शासनकाल में मगध की राजधानी राजगृह से पाटलिपुत्र में स्थानांतरित की थी, जिसकी जानकारी गार्गी संहिता तथा वायुपुराण से मिलती है।
  • इसके शासनकाल में मगध और अवन्ति के बीच संघर्ष हुआ था।
  • यह जैन धर्म का अनुयायी था। इसने पाटलिपुत्र के मध्य में एक जैन चैत्यालय का निर्माण भी करवाया था।

नागदशक

  • उदायीन के पश्चात इसके उत्तराधिकारी नागदशक ने लगभग 412 ई.पू. तक मगध पर शासन किया।
  • यह हर्यक वंश का अंतिम शासक था।
  • इसके शासनकाल में मगध की प्रजा तथा अमात्यों ने इसके विरुद्ध विद्रोह कर दिया था, तब इसे इसके अमात्य शिशुनाग ने सत्ताच्युत कर मगध में नाग वंश की स्थापना की थी तथा शिशुनाग मगध का शासक बना।
  • नोट: बौद्ध ग्रंथ दीपवंश एवं महावंश के अनुसार उदायीन के पश्चात 'अनिरूद्ध मुण्ड' शासक बना था, उसके पश्चात नागदशक मगध का शासक बना था।
  • इस वंश के सभी शासकों ने अपने पिता की हत्या कर मगध सिंहासन प्राप्त किया था। इस कारण इस वंश को पितृहंता वंश कहते हैं।

शिशुनाग वंश (412 ई.पू.-344 ई.पू.)

शिशुनाग (412-394 ई.पू.)

  • इसने मगध में हर्यक वंश के अंतिम शासक को गद्दी से हटाकर स्वयं को शासक घोषित कर शिशुनाग वंश की नींव रखी, इस कारण इसे शिशुनाग वंश का संस्थापक माना जाता है।
  • इसने अपनी राजधानी गिरिव्रज में स्थानांतरित की थी।
  • इसने वत्स तथा अवन्ति पर विजय प्राप्त कर उसे मगध साम्राज्य में मिला लिया था तथा वैशाली को अपनी वास्तविक राजधानी बनाया।
  • इसके शासनकाल में मगध की दो राजधानियाँ- गिरिव्रज और वैशाली थीं।
  • इसने अपने साम्राज्य का विस्तार बंगाल से लेकर मालवा तक कर लिया था।

कालाशोक या काकवर्ण (394-366 ई.पू.)

  • बौद्ध ग्रंथ महावंश के अनुसार यह शिशुनाग की मृत्यु के पश्चात उसका उत्तराधिकारी बना।
  • पुराणों तथा दिव्यावदान में इसका नाम काकवर्ण मिलता है।
  • यह बौद्ध धर्म का अनुयायी था, इसके शासनकाल के समय ही द्वितीय बौद्ध संगीति का आयोजन, 383 ई.पू., वैशाली में किया गया था। इस संगीति के समय ही बौद्ध संघ स्थविर और महासांघिक में विभाजित हो गया था।
  • हर्षचरित के अनुसार महापद्मनंद ने 366 ई.पू. में इसकी हत्या धोखे से चाकू मारकर कर दी थी। महाबोधि वंश के अनुसार इसकी मृत्यु के बाद इसके उत्तराधिकारियों ने 22 वर्षों, लगभग 366 ई.पू., तक मगध में शासन किया था।

नंद वंश (344 ई.पू.-323 ई.पू.)

महापद्मनंद

  • शिशुनाग वंश का अंत कर इसने मगध में नन्द वंश की स्थापना की थी।
  • इसे बौद्ध ग्रंथों में उग्रसेन, अर्थात प्रचण्ड सेना का स्वामी, तथा पुराणों में 'सर्व-क्षत्रांतक,' अर्थात सब क्षत्रियों का नाश करने वाला के नाम से भी जाना जाता था। इसके अतिरिक्त परशुराम के दूसरे अवतार, अर्थात् 'एकराट' के नाम से भी जाना जाता था।
  • इसने पांचाल, कुरू, हैहय तथा कलिंग आदि साम्राज्यों के शासकों पर विजय प्राप्त की। इसका साम्राज्य उत्तर-पश्चिम में सतलज और व्यास नदी तक, इसके अतिरिक्त मालवा, नर्मदा नदी की घाटी, राजस्थान के पूर्वी भाग तथा दक्षिण में गोदावरी, कृष्णा एवं तुंगभद्रा नदियों तक विस्तृत था।
  • इसने मानक नाप-तौल और नए प्रकार के चुंगी कर की व्यवस्था की।
  • इसने कलिंग पर विजय प्राप्त की और जैनमुनि, जिनसेन की प्रतिमा को मगध लाये तथा कलिंग में एक नहर का निर्माण भी करवाया, यह जानकारी हमे खारवेल के हाथीगुम्फा अभिलेख से प्राप्त होती है।

बौद्ध ग्रंथ

महाबोधि के अनुसार नंद वंश के शासक-
  • उग्रसेन
  • पण्डुक
  • पण्डुगति
  • भूतपाल
  • राष्ट्रपाल
  • योविषाणक
  • कैवर्त
  • दशसिद्धक
  • धनानंद

धनानंद

  • यह इस वंश का अंतिम शासक था।
  • यूनानी लेखकों ने इसे अग्रमीज अर्थात् उग्रसेन का पुत्र कहा है।
  • यह सिकन्दर का समकालीन शासक था, इसके समय 326 ईसा पूर्व सिकंदर ने पश्चिमोत्तर भारत पर आक्रमण किया था।
  • यूनानी लेखक कर्टियस के अनुसार इसके पास 20 हजार अश्वारोही, 2 लाख पैदल सेना, 2 हजार रथ तथा 3 हजार हाथी थे।
  • इसका साम्राज्य भी हिमालय से लेकर गोदावरी नदी तक तथा सिन्धु नदी से मगध तक फैला था।
  • इसने धन लालसा के कारण जनता पर अनेक कर लगाए थे, जिससे जनता में असंतोष व्याप्त था।
  • इसने चाणक्य को अपमानित किया था। इस कारण चाणक्य ने इसे सत्ताच्युत करने की प्रतिज्ञा की थी। चाणक्य ने कहा था कि- "मैं जब तक धनानंद को सत्ताच्युत नहीं करूँगा तब तक मैं अपनी चोटी खुली रखूँगा"।
  • इसके पश्चात चंद्रगुप्त मौर्य ने चाणक्य की सहायता से इसकी हत्या कर नंदवंश का अंत कर दिया था।

नंदवंशीय शासन

  • नंद शासक जैन धर्मावलंबी थे। जिसकी पुष्टि विशाखादत्त की नाट्यकृति मुद्राराक्षस से होती है।
  • नंद शासकों ने भारत के विशाल भू-भाग पर शासन स्थापित किया और राजनीतिक एकता स्थापित की थी।
  • इनके समय मगध आर्थिक दृष्टि से अत्यंत समृद्धशाली साम्राज्य था। जिस कारण से पाटलिपुत्र शिक्षा, कला साहित्य तथा व्यापार- वाणिज्य का प्रमुख केन्द्र बन गया था।

प्राचीन भारत में धार्मिक आंदोलन

जैसे-जैसे मानव का अपना विकास हुआ, वैसे ही मनुष्य ने अनेक धार्मिक संप्रदाय प्रारंभ किये। इन संप्रदायों ने मनुष्य की जीवनशैली को परिवर्तित करने में समय-समय पर महत्त्वपूर्ण भूमिका अदा की है। जैसे कि वैदिक काल से पूर्व तक समाज में कोई भी वर्ण व्यवस्था और कर्मकांड जैसे आडंबर नहीं थे, किन्तु वैदिक धर्म के प्रारंभ होते ही समाज में वर्ण व्यवस्था और कर्मकांड जैसे आडंबर प्रारंभ हो गए।
इसके पश्चात बौद्ध व जैन धर्मों का उदय हुआ, इनके धार्मिक उपदेशों तथा आचार-विचारों ने समाज के भौतिकवादी रहन-सहन को मानवीय परेशानियों का कारण बताया।

छठी शताब्दी ई.पू. में भारत में नवीन धर्मों की उत्पत्ति के कारण

  • वैदिककालीन धार्मिक जटिलता: वैदिक काल के 2 भाग थे, ऋग्वैदिक काल और उत्तर वैदिककाल। ऋग्वैदिक काल में धर्म अत्यधिक सामान्य एवं विशुद्ध था, इस समय पूजा-पाठ तथा यज्ञ समूह में किये जाते थे, किंतु उत्तर-वैदिक काल में अनेक धार्मिक आडंबर पैदा हुए, जिनका समावेश धर्म में हुआ तथा धर्म का स्थान जटिल एवं निरर्थक कर्मकांडों ने ले लिया।
  • वर्ण व्यवस्था का प्रचलन: आर्यों ने वर्ण व्यवस्था का प्रचलन ऋग्वैदिक काल में व्यवसाय के आधार पर किया, जिससे सामाजिक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हों, किंतु उत्तर-वैदिक काल आते-आते यह व्यवस्था जन्म आधारित होकर जाति व्यवस्था में परिवर्तित हो गई। समय के साथ इस व्यवस्था ने कठोर रूप धारण कर लिया।
  • वैदिक ग्रंथों में जनमानस की भाषा का ना होना: वैदिक ग्रंथों की रचना संस्कृत भाषा में की जाती थी, जो छठी शताब्दी ई.पू. के समय जनसामान्य की भाषा न होकर केवल विद्वानों की भाषा रह गई, जिसने समाज में धार्मिक कर्मकांडों को बढ़ावा दिया।
  • कृषि योगदान की अर्थव्यवस्था में वृद्धि: 600 ई.पू. के समय लोहे की खोज हो चुकी थी, जिससे कृषि कार्य में लोहे के औजारों का प्रयोग बढ़ा, जिससे उत्पादन में वृद्धि होने लगी, कृषि क्रिया में पशुधन का भी प्रयोग किया जाने लगा था।
  • वैश्य वर्ग के महत्त्व में वृद्धि: कृषि उत्पादन में वृद्धि से व्यापार-वाणिज्य में वृद्धि हुई, जिससे समाज में वैश्य वर्ग का महत्त्व बढ़ने लगा। अतः वैश्य वर्ग ने समाज में अपनी स्थिति सुधारने के लिये ब्राह्मणवादी सामाजिक व्यवस्था का विरोध किया। वैदिककाल में ऋण पर ब्याज लेना पाप माना जाता था, जिस कारण से वैश्य वर्ग ने नवीन धर्मों के उदय को प्रोत्साहित किया।
  • नवीन राजनीतिक परिदृश्य का सृजन: छठी शताब्दी ई.पू. की राजनीतिक स्थिति ने नवीन धर्मों के उदय में पर्याप्त योगदान दिया।

दोस्तों, हमें उम्मीद है कि इस लेख में दी गई जानकारी आपके लिए मददगार साबित हुई होगी। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सही और सटीक जानकारी होना बहुत जरूरी है। ऐसे ही महत्वपूर्ण टॉपिक्स को आसान भाषा में पढ़ने के लिए हमारी वेबसाइट WWW.BIHARGK.IN पर नियमित रूप से विजिट करते रहें। इस लेख को अपने दोस्तों के साथ शेयर करना न भूलें!

Tags:

Comments

Post a Comment

Author Box